सोशल मीडिया कमेंट से भड़का विवाद, मोहम्मद दीपक पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप

 

कोटद्वार : मोहम्मद दीपक एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट से शुरू होकर कथित गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। गंगा दत्त जोशी मार्ग से जुड़े इस विवाद को लेकर पास की दुकान चलाने वाले संजीव टांक ने कोटद्वार कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संजीव का आरोप है कि सुबह दुकान के बाहर खड़े होने के दौरान मोहम्मद दीपक ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

संजीव टांक के अनुसार, हाल ही में उन्होंने मोहम्मद दीपक की सोशल मीडिया पोस्ट पर एक कमेंट किया था। आरोप है कि गुरुवार सुबह जब संजीव अपनी दुकान के बाहर खड़े थे, तभी वहां से गुजर रहे मोहम्मद दीपक ने उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद संजीव टांक ने कोटद्वार कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

संजीव टांक का कहना है कि हाल ही में उनकी बाईपास सर्जरी हुई है और कथित घटना के बाद वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज करने के साथ सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। 

वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा समेत अन्य संगठनों से जुड़े कुछ लोग भी संजीव टांक से मिलने पहुंचे। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग किए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

स्कूलों के औचक निरीक्षण में सीईओ आकाश सारस्वत ने दिखाई सख्ती

Fri Oct 2 , 2026
नारायणबगड़ समेत पांच विद्यालयों का निरीक्षण, लापरवाही और अनावश्यक अनुपस्थिति पर कार्रवाई की चेतावनी गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने गुरुवार को नारायणबगड़ क्षेत्र के पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति की स्थिति देखी। […]

You May Like

Share