पौड़ी गढ़वाल : भालू ने महिला पर किया हमला, मौत

पौड़ी : उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में जंगल से सटे गांवों में वन्यजीवों का खतरा लगातार बना रहता है। गुलदार और भालू के हमलों की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। इसी कड़ी में पौड़ी गढ़वाल से एक घटना सामने आई है, जहां बकरियां चराने और घास काटने जंगल गई एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतका की पहचान 52 वर्षीय मंजू देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर वह बकरियां चराने और घास काटने के लिए जंगल गई थीं। इसी दौरान खालूढांढा के जंगल में अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया।

 

भालू ने चेहरे और हाथ पर किया हमला

हमले में मंजू देवी के चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटें आईं। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने दराती से भालू पर वार करने की कोशिश की, लेकिन भालू ने उनके हाथ को भी बुरी तरह जख्मी कर दिया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। लोगों के शोर के बाद भालू वहां से भाग गया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मंजू देवी को इलाज के लिए रामनगर के संयुक्त अस्पताल ले जाया गया।

 

पहाड़ी क्षेत्र से अस्पताल पहुंचने में लगा 3-4 घंटे का समय

परिजनों के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्र से अस्पताल पहुंचने में करीब तीन से चार घंटे का समय लग गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने घायल महिला का प्राथमिक उपचार शुरू किया।

संयुक्त अस्पताल के डॉक्टर सारिक के अनुसार, मंजू देवी के चेहरे पर बेहद गंभीर चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बड़े अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, इसी दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

 

पति के सामने हुई महिला की मौत

गंभीर रूप से घायल मंजू देवी ने अस्पताल में अपने पति के सामने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, जंगल से सटे पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार सामने आ रहे वन्यजीव हमलों को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी हुई है।

 

जंगल पर निर्भर ग्रामीणों के लिए घास काटने, पशुओं को चराने और अन्य दैनिक कार्यों के लिए जंगल जाना उनकी मजबूरी है। ऐसे में वन्यजीवों के हमलों से उनकी सुरक्षा एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखण्ड : अग्निवीरों के लिए खुशखबरी, पढ़ें पूरी जानकारी

Fri Oct 2 , 2026
देहरादून : उत्तराखण्ड सरकार ने अग्निवीरों को सरकारी सेवाओं में अवसर देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने अग्निवीरों के लिए आरक्षित किए गए 181 रिक्त पदों का विभागवार ब्योरा केंद्र सरकार को भेज दिया है। इन पदों में पुलिस, वन, परिवहन, आबकारी और सचिवालय […]

You May Like

Share