द्रोणागिरी में बारिश का कहर, सात मकान भूस्खलन की जद में

  • सुरक्षा दीवार ढहने से बढ़ा खतरा, संपर्क मार्ग भी टूटा
  • दहशत में ग्रामीण, प्रशासन से तत्काल मदद की मांग

गोपेश्वर (चमोली)। लगातार बारिश ने चमोली जिले के सीमांत क्षेत्र के द्रोणागिरी गांव में मुश्किल बढ़ा दी है। शनिवार से लगातार हो रही तेज बारिश के बाद गांव में कई मकानों के पास बनी सुरक्षा दीवार ढह गई और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया। सात मकान सीधे खतरे की जद में बताए जा रहे हैं, जबकि गांव का संपर्क मार्ग भी टूट गया है। इससे प्रभावित परिवारों में दहशत है और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

द्रोणागिरी की ग्राम प्रधान माहेश्वरी देवी रावत ने जानकारी दी कि क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के दौरान कई घरों के समीप बनी सुरक्षा दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। दीवार के टूटने के बाद आसपास की जमीन खिसकने का खतरा बढ़ गया है। बारिश जारी रहने पर स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। ग्रामीण बच्चन सिंह ने बताया कि चंद्री देवी, रामकृष्ण सिंह, कल्याण सिंह, बच्चन सिंह, हिमांशु, बिछना देवी और महेंद्र सिंह के मकान खतरे की जद में हैं। ग्रामीणों के मुताबिक सुरक्षा दीवार के ढहने से इन मकानों के आसपास भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

भूस्खलन और लगातार बारिश का असर गांव की आवाजाही पर भी पड़ा है। द्रोणागिरी का संपर्क मार्ग टूटने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। इससे प्रभावित परिवारों के साथ ही गांव के अन्य लोगों के सामने भी आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। बताया गया कि घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को दे दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का तत्काल निरीक्षण कराने, खतरे की जद में आए परिवारों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने और संपर्क मार्ग को जल्द बहाल करने की मांग की है। लगातार बारिश के बीच गांव में भूस्खलन का खतरा बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो बारिश के दौरान स्थिति गंभीर हो सकती है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भूस्खलन प्रभावित मार्ग पर SDRF ने रोप के माध्यम से बनाई सुरक्षित आवाजाही, लगभग 500 यात्रियों को कराया सकुशल आर-पार

Mon Sep 28 , 2026
मुन्ना बैंड में भूस्खलन के बीच SDRF का रेस्क्यू, रोप के सहारे 500 यात्रियों को कराया सुरक्षित पार विषम हालात में सब इंस्पेक्टर डूंगर सिंह अधिकारी के नेतृत्व में SDRF ने संभाला मोर्चा, सड़क खुलने के बाद सामान्य हुआ यातायात पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ में मुन्ना बैंड के समीप रविवार को […]

You May Like

Share