महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, पुतला फूंका

गोपेश्वर (चमोली)।  बढ़ती महंगाई, चीनी के लगातार बढ़ते दाम और श्रम विभाग में श्रमिकों को सामान वितरण में कथित धांधली के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दशोली ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बुधवार को चमोली के बस स्टैंड तिराहे पर प्रदर्शन कर पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।

ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र नेगी ने कहा कि महंगाई ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरकार को जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। श्रमिकों के अधिकारों और उनके हितों से जुड़े मामलों में भी पार्टी किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई का सीधा असर आम आदमी की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है। खाद्य सामग्री समेत रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम जनता परेशान है। कांग्रेस नेताओं ने विशेष रूप से चीनी के बढ़ते मूल्य पर सवाल उठाते हुए सरकार से कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिकों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले सामान के वितरण में भी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। सामान वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता या धांधली सामने आती है तो उसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई का असर समाज के हर वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल दावों तक सीमित रहने के बजाय आम जनता को राहत देने के लिए जमीन पर प्रभावी कदम उठाने चाहिए। जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार और जिला महामंत्री संदीप झिंक्वाण ने भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया और श्रमिकों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई तो पार्टी इन मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, गौरव फरस्वाण, गुलाब सिंह बिष्ट, सचिन गड़िया, नरेंद्र सिंह पंवार, आनंद लाल, महिला नगर अध्यक्ष विजया कंडारी, पूर्व पार्षद लीला रावत, आशा देवी, महिपाल रावत, नरेंद्र सजवाण, जगदीश नेगी, सुनील हटवाल, सुरेंद्र राणा, विक्रम बिष्ट, पदमेंद्र रावत, यूथ ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु पंवार, भरत कुंवर, एससी ब्लॉक अध्यक्ष रणजीत लाल, राजेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बोल्डर गिरने से निजमुला-बिरही मोटर मार्ग बंद, 12 गांवों का संपर्क कटा

Sat Aug 29 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर भारी बोल्डर गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क बंद होने से निजमुला घाटी के 12 से अधिक गांवों का जिला मुख्यालय गोपेश्वर समेत प्रमुख बाजारों से संपर्क कट गया है। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण ग्रामीणों के […]

You May Like

Share