शादी का वादा कर दुष्कर्म का आरोप, दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल गिरफ्तार

कोलकाता। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व कर चुके बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को शादी का वादा कर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। क्रिकेटर के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म, मारपीट और आपराधिक धमकी समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, एक छात्रा ने जून में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अभिषेक पोरेल पिछले करीब तीन वर्षों से उसके साथ रिश्ते में थे। महिला का दावा है कि क्रिकेटर ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में दोनों के रिश्तों में खटास आ गई और पोरेल ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।

शादी से मुकरने का आरोप

शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि पोरेल ने शादी का वादा पूरा करने से इनकार कर दिया। महिला ने क्रिकेटर पर मारपीट करने और आपराधिक धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी।

इसके बाद मामला कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचा। अदालत के निर्देश के बाद पुलिस ने अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, क्रिकेटर ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार किया है।

हुगली रूरल पुलिस के एसपी कुंवर भूषण सिंह के अनुसार, पुलिस को महिला की शिकायत मिली थी और मामले की जांच की जा रही है।

इंडिया-ए के लिए भी खेल चुके हैं पोरेल

अभिषेक पोरेल बंगाल के प्रमुख युवा क्रिकेटरों में शामिल हैं। वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं और इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा रहे हैं। उन्होंने इंडिया-ए के साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया है।

पोरेल ने 2021-22 सत्र में बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह अब तक 32 प्रथम श्रेणी और 23 लिस्ट-ए मैच खेल चुके हैं।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भू-कानून की आड़ में जमीन का खेल? 144 नाली खरीद पर उठे बड़े सवाल

Tue Aug 11 , 2026
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भूमि खरीद-फरोख्त और कृषि भूमि के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर अधिवक्ता सेवा मंच उत्तराखंड और पहाड़ स्वाभिमान सेना ने गंभीर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को पत्रकार वार्ता में संगठनों ने पौड़ी के एराड़ी गांव में करीब 144 नाली भूमि की खरीद, लैंसडौन और यमकेश्वर […]

You May Like

Share