उत्तराखंड : माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोहियों से मिले सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों पर्वतारोहियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करना दोनों बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

9 वर्षीय रियांश पंत अल्मोड़ा के चीनाखान और 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की निवासी हैं। दोनों ने 22 अगस्त 2026 को 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी का सफल आरोहण कर वहां तिरंगा फहराया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रतिभाशाली बच्चे और युवा अपनी उपलब्धियों के जरिए उत्तराखंड की पहचान को देश-दुनिया में और मजबूत करें।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

लोकगीतों और जागरों से बेटी को कैलाश विदा कर रहे ग्रामीण

Wed Sep 9 , 2026
12 साल बाद पहाड़ के सूने गांवों में लौटी रौनक गोपेश्वर (चमोली)। 12 साल बाद आयोजित हो रही मां नंदा की बड़ी जात यात्रा धीरे-धीरे अपने अगले पड़ावों की ओर बढ़ रही है। बंड, बधाण और दशोली क्षेत्र की नंदा डोलियां विभिन्न पड़ावों पर पहुंच गई हैं। हर पड़ाव पर […]

You May Like

Share