सिर से उठा माता-पिता का साया, ट्रस्ट बना पढ़ाई का सहारा

  • 12 साल में 919 बेटियों को मदद दे चुका पार्वती देवी गंगा राम भट्ट ट्रस्ट

गोपेश्वर (चमोली)। माता-पिता दोनों का साया सिर से उठ गया, लेकिन पढ़ाई जारी रखने का हौसला नहीं टूटा। पोखरी ब्लॉक की ऐसी ही 11 मेधावी बेटियां हैं, जिनके जीवन में अब माता-पिता का सहारा नहीं है। मुश्किल हालात के बीच इन बेटियों की शिक्षा न रुके, इसके लिए पार्वती देवी गंगा राम भट्ट ट्रस्ट आगे आया है।

पार्वती देवी गंगा राम भट्ट ट्रस्ट की ओर से खंड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार पोखरी नागनाथ में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पोखरी ब्लॉक के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कक्षा छह से 12वीं तक अध्ययनरत 89 मेधावी बेटियों को छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए गए। इस वर्ष चयनित बेटियों में 11 ऐसी हैं। जिनमें माता-पिता दोनों नहीं हैं, जबकि 49 बेटियों के माता-पिता में से कोई एक जीवित नहीं है, वहीं 29 बेटियों के माता-पिता जीवित होने के बावजूद गरीबी, बीमारी, अक्षमता, वृद्धावस्था और असहायता के कारण उनकी पढ़ाई का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं।

ट्रस्ट ने वर्ष 2015 में छात्रवृत्ति योजना शुरू की थी। पिछले 12 वर्षों में अब तक 919 बेटियों को छात्रवृत्ति दी जा चुकी है। इनमें 113 बेटियों के माता-पिता दोनों नहीं हैं, 511 के माता-पिता में से कोई एक जीवित नहीं है और 295 बेटियों के अभिभावक आर्थिक या अन्य गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। ट्रस्ट के अनुसार, अब तक लाभान्वित 919 बेटियों में से 174 को अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के तहत सरकारी छात्रवृत्ति भी मिलती रही है, जबकि शेष 745 सामान्य वर्ग की बेटियों को सरकार से किसी प्रकार की छात्रवृत्ति नहीं मिली है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी पोखरी नेहा भट्ट और खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने ट्रस्ट की सह-संस्थापक एवं सेवानिवृत्त शिक्षा निदेशक पुष्पा मानस और सह-संस्थापक अधिवक्ता कालिका प्रसाद काला को सम्मानित किया।

इस दौरान मुख्य संयोजक राजकीय इंटर कॉलेज उडामांडा के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद किमोठी, बालिका इंटर कॉलेज पोखरी की शिक्षिका रेखा पटवाल राणा, हाईस्कूल श्रीगढ की भारती सिंह आदि मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखण्ड के 227 मदरसों पर हो सकती है कार्रवाई

Thu Oct 15 , 2026
देहरादून : उत्तराखण्ड में मदरसों की मान्यता को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश के 227 ऐसे मदरसे, जो फिलहाल बंद हो चुके हैं, यदि अक्टूबर महीने के अंतिम दिन तक मान्यता के लिए आवेदन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। अल्पसंख्यक […]

You May Like

Breaking News

Share