शीतकाल के लिए श्री हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट हुए बंद, 3.84 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

3.84 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

गोपेश्वर (चमोली)। सिखों के पवित्र तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब और पौराणिक श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शनिवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सेना के बैंड की धुन, शबद-कीर्तन और अंतिम अरदास के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से धाम को विदाई दी। इस वर्ष यात्रा के दौरान 3, 84,573 से अधिक श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब में मत्था टेका। कपाट बंद होने के अवसर पर पाकिस्तान से आया 40 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं का जत्था भी मौजूद रहा।

करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब में सुबह सुखमनी साहिब के पाठ के साथ धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए। इसके बाद शबद-कीर्तन हुआ और दोपहर में अंतिम अरदास की गई। हुक्मनामा लेने के बाद गुरु ग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में सेना के बैंड की धुनों के बीच दीवान हॉल से सचखंड साहिब में सुशोभित किया गया। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के बाद कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

23 मई से शुरू हुई यात्रा में इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कपाट बंद होने के दिन गोविंद धाम (घांघरिया) से रागी जत्थे के साथ हजारों श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचे। बर्फ से ढकी सप्तश्रृंग घाटी के बीच श्रद्धालुओं ने अंतिम अरदास में भाग लिया और वाहेगुरु जी के जयकारे लगाए।

यात्रा के दौरान भारी बर्फबारी, बारिश, कड़ाके की ठंड और फिसलन भरे रास्तों के बावजूद चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवान सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और यात्रा मार्ग की निगरानी की गई। जरूरत पड़ने पर जवानों ने श्रद्धालुओं को सहायता भी उपलब्ध कराई।

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा और वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए गोविंदघाट के प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त सिंह तथा घांघरिया चैकी प्रभारी अमनदीप सिंह की सराहना की। इस अवसर पर ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह, ग्रंथी हामिद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखण्ड ब्रेकिंग : उत्तरकाशी मे आया भूकंप

Sat Oct 10 , 2026
उत्तरकाशी : उत्तराखण्ड में भूकंप की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। 10 अक्टूबर 2026 को उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप आने की खबर सामने आई है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिला मुख्यालय के आसपास बताया गया है। भूकंप के […]

You May Like

Breaking News

Share