भालू के आतंक से दहशत में पोखरी के गांव, यूकेडी ने घेरा वन विभाग

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी ब्लाॅक के सिदोली गांव में देवरानी-जिठानी में भालू के हमले की घटना के बाद ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने बुधवार को वन विभाग पोखरी का घेराव किया। जिला अध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेंजर को ज्ञापन सौंपकर हिंसक भालू को पकड़ने, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने की मांग की।

यूकेडी के जिलाध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी ने कहा कि ग्राम पंचायत सिदोली के देवरानी-जिठानी में भालू के हमले और लोगों के पहाड़ी से नीचे गिरने की घटना ने क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीण खेतों, जंगल और पैदल रास्तों पर जाने से भी डर रहे हैं। उन्होंने आरोप है कि घटना के बाद भी वन विभाग की ओर से जनसुरक्षा के लिए अपेक्षित स्तर पर प्रभावी और त्वरित कदम नहीं उठाए गए।

रेंजर को सौंपे ज्ञापन में भालू के हमले से प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की गई। यूकेडी ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही क्षेत्र में सक्रिय हिंसक भालू को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरे लगाने और विशेषज्ञ टीम तैनात करने को कहा गया।

दल ने पोखरी ब्लॉक के संवेदनशील गांवों और पैदल मार्गों पर वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की। यूकेडी का कहना है कि ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के लिए जंगल और पैदल रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में वन विभाग की प्रभावी निगरानी के बिना ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती।

यूकेडी ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द और संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता, ग्रामसभा प्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ क्रमिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। दल ने आंदोलन की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी वन प्रशासन की होने की चेतावनी दी।

इस दौरान जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, राज्य आंदोलनकारी एवं यूकेडी नेता कमल किशोर डिमरी, जिला अध्यक्ष ओबीसी प्रकोष्ठ महावीर पंवार, ब्लॉक अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ लक्ष्मण नेगी समेत पोखरी ब्लॉक की महिला कार्यकर्ता और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

हरिद्वार में कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा’, गंगाजल लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष का संकल्प

Wed Oct 7 , 2026
हरिद्वार। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को हरिद्वार में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा’ निकाली। शिवमूर्ति चौक से शुरू हुई यात्रा सुभाष घाट तक पहुंची। इसमें उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, […]

You May Like

Breaking News

Share