बरसुण्ड देवता ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना से 40 गांव-तोक होंगे लाभान्वित – सतपाल महाराज

पोखड़ा : चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पोखड़ा में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करने के साथ ही क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं। शिविर में ग्रामीणों की ओर से कुल 25 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराई गईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, पंचायतों के सुदृढ़ीकरण तथा युवाओं को रोजगार से जोड़ने सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोखड़ा विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि दूरस्थ कोला क्षेत्र में लंबे समय से लंबित बरसुण्ड देवता ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये की स्वीकृति करायी गयी है। योजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र के करीब 40 छोटे-बड़े गांवों एवं तोकों की जनता को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कोला-1 एवं कोला-2 को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए 31 लाख 51 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जिनका कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं बिजोरापानी से कुञ्जखाल तक आवश्यक स्थानों पर करीब 56 लाख रुपये की लागत से मोटर मार्ग के नवीनीकरण का कार्य कराया गया है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विधायक निधि से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराए गए हैं। इसके साथ ही विद्यालय भवनों के निर्माण, सौर ऊर्जा सुविधाओं के विस्तार तथा जल जीवन मिशन के तहत ग्राम सभाओं में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य कराए जा चुके हैं।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने विकासखंड पोखड़ा में 2 करोड़ 75 लाख 63 हजार रुपये की लागत से निर्मित बिजोरापानी-कुण्जखाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किमी ग्राम से चिनवाड़ी तक ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। कैबिनेट मंत्री ने लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड पोखड़ा के सेड़ियाखाल स्थित अपने निवास स्थान पर मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत सहायता राशि के चेक लाभार्थियों को वितरित किए तथा एबीवीपी के युवाओं को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह नेगी, एसडीएम रेखा आर्य, बीडीओ सत्यप्रकाश शाह सहित सुयश रावत, सुनील, विकास, धर्मेंद्र, मस्तराम बड़ोला, मधुवाला, नरेश, विनोद बिन्जोला, सुंदर सिंह, जगदीश जखमोला, सुभाष जोशी, महेशानंद जोशी, हयात सिंह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

 

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कोटद्वार : 120 ग्राम नशे की बरामदगी के बाद फरार तीसरा आरोपी गिरफ्तार

Wed Oct 7 , 2026
कोटद्वार : जनपद पौड़ी गढ़वाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। 120 ग्राम अवैध स्मैक बरामदगी के मामले में फरार चल रहे और ₹2,000 के इनामी आरोपी मौ. नबी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस […]

You May Like

Breaking News

Share