उत्तराखण्ड : पहाड़ों पर फंसे 136 ट्रैकर्स

उत्तरकाशी : जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम लगातार चुनौती बना हुआ है। भारी बर्फबारी और बारिश के कारण कई ट्रैकिंग और पर्वतारोहण मार्ग बंद हो गए हैं। अलग-अलग इलाकों में देश-विदेश के 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सहयोगी स्टाफ फंसे हुए हैं। प्रशासन ने सभी को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है।

फंसे लोगों में हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य, कालिंदी पास बेस कैंप में ट्रैकिंग श्रेणी के 18 सदस्य और ऑडिन कोल पास बेस कैंप में 29 सदस्य शामिल हैं। खराब मौसम और लगातार हो रही बर्फबारी के चलते इन इलाकों में आवाजाही प्रभावित है।

जिला प्रशासन, वन विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में लगी हैं। भोजवासा और चीड़बासा में फंसे ज्यादातर पर्यटकों को गंगोत्री राष्ट्रीय पार्क के कर्मचारियों की मदद से सुरक्षित निकाला जा चुका है। अन्य स्थानों पर मौजूद लोगों के लिए ठहरने, भोजन और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों से लगातार अपडेट ले रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, मौसम में सुधार होते ही हेलीकॉप्टर की मदद से पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जाएगा।

चारधाम यात्रा भी हुई प्रभावित

खराब मौसम के कारण उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा लगातार दूसरे दिन स्थगित रही। हालांकि मौसम में सुधार के बाद यात्रा को दोबारा शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर जोखिम वाले पर्वतीय मार्गों पर जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखण्ड में भारी बारिश, बर्फबारी और लैंडस्लाइड

Mon Sep 28 , 2026
देहरादून : उत्तराखण्ड में लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से हालात बिगड़ गए हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग के चिरबासा क्षेत्र में लैंडस्लाइड की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। पौड़ी के थलीसैंण में मकान ढहने से मलबे […]

You May Like

Share